रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, चाची भतीजे संग फरार
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा महिला अपने ही देवर के बेटे के साथ फरार हो गई। महिला अपनी ढाई साल की मासूम बेटी, गहने और 50 हजार रुपये नगद भी साथ ले गई है। मामले में सास ने थाने में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
भतीजे के साथ फरार हुई महिला, बच्ची भी साथ ले गई
दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के टिकापट्टी गांव की रहने वाली 22 वर्षीय चांदनी देवी अपने देवर के बेटे प्रभाष लाल देव (23 वर्ष) के साथ फरार हो गई है। महिला अपनी ढाई साल की बेटी को भी साथ ले गई है। इस मामले को लेकर महिला की सास रेखा देवी ने अलीनगर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।
गहने और 50 हजार रुपये भी साथ ले जाने का आरोप
थाने में दिए गए आवेदन में सास ने आरोप लगाया है कि चांदनी देवी घर से गहने-जेवर और 50 हजार रुपये नगद भी अपने साथ ले गई है। घटना के बाद से ही महिला और युवक दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
सास रेखा देवी ने बताया कि उनकी बहू का देवर के बेटे प्रभाष के साथ पिछले करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। इस बात की जानकारी कई बार प्रभाष के पिता कृष्ण मुरारी देव को भी दी गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। रेखा देवी ने बताया कि उनके बेटे गोपाल लाल देव की शादी चार साल पहले चांदनी देवी से हुई थी। दोनों की एक ढाई साल की बेटी भी है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मुंबई की एक निजी कंपनी में काम करता है। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे चांदनी के व्यवहार में बदलाव आने लगा और उसने परिवार से बातचीत कम कर दी।
मायके से लौटने के बाद हुई फरारी
परिवार के अनुसार, तबीयत खराब होने पर चांदनी अपने मायके चली गई थी। कुछ दिन बाद 12 मार्च को उसका भाई उसे वापस ससुराल छोड़ गया। लेकिन 20 मार्च को वह अचानक प्रभाष के साथ फरार हो गई। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पति ने कहा- अब साथ नहीं रखना चाहता
महिला के पति गोपाल लाल देव ने बताया कि उनकी पत्नी उनके ही भतीजे के साथ फरार हो गई है। उन्होंने कहा कि अब वह पत्नी के इस व्यवहार से परेशान हो चुके हैं और उसके साथ नहीं रहना चाहते। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी ने उन्हें पत्नी को साथ रखने के लिए मजबूर किया तो वह कोई खौफनाक कदम उठा सकते हैं।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, तलाश जारी
अलीनगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस महिला और बच्ची की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही दोनों को सकुशल बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है।

राशिफल 11 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
साय सरकार की पहल से छत्तीसगढ़ में लाखों परिवारों को मिला पक्का मकान
हरी खाद - मिट्टी की खोई उर्वरता बढ़ाने का प्राकृतिक समाधान
एमपी ट्रांसको के इंजीनियरों की केस स्टडी को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान