अररिया जिले में दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप, अपराधी फरार
अररिया: बिहार के अररिया जिले से जमीन विवाद को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई है। भरगामा थाना क्षेत्र के धनेश्वरी पंचायत वार्ड संख्या-13 में शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी, जबकि दूसरे को जिंदा जलाकर हत्या कर दी। घटना का कारण पौने दो एकड़ जमीन को लेकर चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है।
शुक्रवार शाम से शुरू हुआ तनाव
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम भी जमीन की जुताई को लेकर दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हुई थी। तनाव इतना बढ़ गया कि शनिवार तड़के वारदात को अंजाम दिया गया। मृतकों की पहचान डिपोकर्मी 40 वर्षीय जयकुमार यादव और नयन यादव के रूप में हुई है। जयकुमार यादव को डिपो के अंदर सोते समय गोली मार दी गई, जबकि घर के भीतर सो रहे नयन यादव को जिंदा जला दिया गया।
जमीन लिखवाने को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक, पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव ने अपने चचेरे बहनोई से जबरन पौने दो एकड़ जमीन अपने नाम लिखवा लिया था। इस जमीन पर कब्जे को लेकर उनका बड़ा साढ़ू नयन यादव विरोध कर रहा था। इसी को लेकर शुक्रवार की शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। सुबह होते ही विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया और दो लोगों की जान चली गई।
मर्डर के बाद गांव में तनाव, कई थानों की पुलिस तैना
घटना की सूचना पर फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा सहित भरगामा और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल कलेक्ट किए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया। गांव में तनाव का माहौल है। इसे देखते हुए फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा के साथ भरगामा और अन्य थाना की पुलिस कैंप कर रही है।
मामले पर क्या कहना है पुलिस का?
एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान की मदद से पुलिस जांच कर रही है। एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद मामला और स्पष्ट होगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सुरक्षा को नई ताकत: मेरठ में तैयार होगा देश का पहला ड्रोन रनवे
एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव के हेलीकॉप्टर में तकनीकी गड़बड़ी, पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग
किसानों के लिए बड़ी पहल: हर खेत को मिलेगा अपना ‘आधार’, रिकॉर्ड होगा पूरी तरह डिजिटल
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, लाखों भक्तों ने किए बाबा महाकाल के दर्शन