विवादित प्रश्न पर बोर्ड सख्त, पेपर बनाने वाली कंपनी की होगी जांच
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में उप निरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर हुई भर्ती परीक्षा के पहले दिन पूछे गए विवादित प्रश्न का मामला रविवार को चर्चा का विषय बना रहा। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण वर्ग का विरोध दिख रहा है। प्रदेश सरकार ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ही मामले की जांच करेगा। जांच में जो जिम्मेदार सामने आएंगे उन पर कार्रवाई होगी। पेपर सेट करने वाली कंपनी ब्लैक लिस्ट भी की जा सकती है। मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।
पंडित शब्द विकल्प में शामिल किए जाने पर विरोध
दरअसल, शनिवार के पहली पाली की परीक्षा में सामान्य हिंदी के सेक्शन में... एक प्रश्न पूछा गया कि अवसर पर बदल जाने वाले के लिए एक शब्द लिखिए। विकल्पों में पंडित, अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी दिए गए थे। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पंडित शब्द को विकल्प के रूप में शामिल किए जाने पर भारी विरोध शुरू हुआ था। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत भाजपा के तमाम विधायकों व नेताओं ने सीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। प्रकरण में जांच के आदेश दिए गए। प्रश्न पत्र किस कंपनी ने सेट किया? प्रश्न में उस विकल्प को क्यों और किसने दिया? इसके पीछे कोई साजिश रही है या लापरवाही? ऐसे तमाम सवालों के जवाब जांच अधिकारी तलाश करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।
दोषी की पहचान की जाए
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया है। इसमें कहा कि भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न में पंडित शब्द को विकल्प के रूप में शामिल करना बेहद अनुचित और आपत्तिजनक है। किसी भी जाति, वर्ग या परंपरा से जुड़े शब्दों का इस तरह प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस मामले की जांच कर दोषी की पहचान की जानी चाहिए। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा विधायक ने जारी किया वीडियो
कानपुर की बिठूर सीट से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने वीडियो बयान जारी कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रश्न को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि समाज में जातिगत भेदभाव और दूरी फैलाने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। ऐसा करने वालों को चिह्नित कर उनपर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, जो लोग समाज को जाति के नाम पर तोड़ने का षड्यंत्र कर रहे हैं।
जानबूझकर किया गया कृत्य
मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा...दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछा गया है अवसर के अनुसार बदल जाने वाला क्या कहलाता है और ऑप्शन में पंडित लिखा है। ये प्रश्नपत्र जिसने भी तैयार किया है, सरकार उसे फौरन दंडित और निलंबित नहीं करती तो इस देश के हर सवर्ण और ब्राह्मण को स्पष्ट संकेत जाएगा कि सत्ता में हमारी सुनने वाला कोई नहीं है। सभी सवर्णों की ओर से मैं अपनी खुली नाराजगी दर्ज करवाता हूं। जान बूझकर किए गए इस निंदनीय कृत्य की भर्त्सना करता हूं।

महिलाओं के लिए कौन सा रुद्राक्ष है सबसे शुभ? जानें धारण करने के सही नियम और फायदे
क्यों Kal Bhairav ने काटा Brahma का सिर? जानें ‘काशी के कोतवाल’ बनने की रहस्यमयी कथा
यूपी की सियासत में नई हलचल: Chirag Paswan ने 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान
SIR में अपमान का मुद्दा गरमाया, Mamata Banerjee ने जनता से मांगा जवाब